चंडीगढ़ के ज्वेलरी शोरूम में लूट
- फोटो : amar ujala
सेक्टर-17 स्थित डायमंड शोरूम में 14 करोड़ के हीरों की लूट का ड्रामा रचने के मुख्य आरोपी और मालिक पंचकूला निवासी रजनीश वर्मा ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए सेक्टर-17 थाना पुलिस को शुक्रवार को जवाब दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
इससे पहले पुलिस ने रजनीश के भाई विनोद की ओर से अग्रिम जमानत याचिका दायर करने पर नोटिस होने से पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अदालत से उसका 7 दिन का रिमांड हासिल कर मामले में 3 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की थी। साथ ही उससे लाखों की ज्वेलरी बरामद कर ली थी। थाना पुलिस ने 1 मई को लूट व आर्म्स एक्ट की धाराओं में दर्ज केस को जांच के बाद मामले का खुलासा होने पर धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश रचने व सबूत मिटाने की धाराओं में बदल दिया था। पुलिस ने इसमें शोरूम मालिक दोनों भाइयों को मुख्य आरोपी बनाया था।
याचिका में बीमारी को बनाया आधार
अग्रिम जमानत याचिका में रजनीश की ओर से कहा गया है कि वह बीमार है। इसके बावजूद पुलिस उसे और उसके परिवार को डरा धमका रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उनके शोरूम में गन प्वाइंट पर लूट हुई थी। बावजूद इसके पुलिस उन्हें और उनके परिवार को झूठे केस में फंसा रही है। पुलिस ने उनके भाई विनोद और शोरूम स्टाफ को डरा धमकाकर लूट को फर्जी बताकर पेश कर रही है। साथ ही प्रचारित कर रही है कि कोई लूट ही नहीं हुई।
वहीं 7 मई को पुलिस विनोद की पत्नी के भाई वरुण दुग्गल को बिना अरेस्ट वारंट के थाने ले गई। वरु ण लूट की जानकारी मिलने पर परिवार से मिलने जबलपुर से आया था। करीब 10 घंटे तक उन्हें गैरकानूनी तौर से हिरासत में रखा। पुलिस उनके घर से सभी का पासपोर्ट भी ले गई है। रजनीश ने कहा है कि वह पुलिस को जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं। साथ ही वह सरकारी गवाहों, साक्ष्यों को किसी तरह से प्रभावित नहीं करेंगे। याचिका में उन्होंने कहा है कि पुलिस को उनसे किसी तरह की रिकवरी भी नहीं करनी है। ऐसे में उन्हें अग्रिम जमानत का लाभ दिया जाए।