शहर में चोरी की वारदात थम नहीं रही है। वार्ड-सात स्थित आजाद नगर में हरियाणा पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के घर में घुसकर चोरों ने करीब तीन लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
वहीं, साथ के एक मकान से महिला को चाकू दिखाकर चांदी के कुछ जेवरात और नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी मगर चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
हरियाणा पुलिस में हेड कांस्टेबल सुभाष वर्मा ने बताया कि उसकी मतलौड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले नारा नाके पर ड्यूटी लगी हुई है। शुक्रवार रात को वह ड्यूटी पर था और घर पर पत्नी सुनील, एक बेटा व बेटी थे। परिजन मेनगेट का ताला लगाकर आगे वाले कमरे में सो गए।
छत पर सीढ़ियों का दरवाजा गलती से खुला रहने के चलते चोर नीचे आए और अलमारी से करीब तीन लाख रुपये की नगदी, सोने और चांदी के करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात के अलावा आगे वाले कमरे से तीन मोबाइल फोन भी ले गए।
वर्मा ने बताया कि 16 अप्रैल को उनकी बड़ी बेटी प्रियंका की शादी की थी। इसमें आया करीब पौने दो लाख रुपये कन्यादान, 26 हजार रुपये लड़की के मामा द्वारा भेंट दिए गए थे। इसके अलावा 85 हजार रुपये के शादी में खर्च के बाद बचा हुआ रखा था। जो जेवरात चोरी हुए हैं, उनमें ज्यादातर बड़ी बेटी के साथ ही छोटी बेटी की शादी की तैयारी को लेकर बनवाकर रखे थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये थे जेवरात
पुलिसकर्मी की पत्नी सुनील ने मुताबिक पिछले कमरे में अलमारी से पैसे के साथ-साथ दो अंगूठी, एक गले का सेट, चार अंगूठी पुरुष, दो अंगूठी महिला, झुमकों की चेन, गले का टॉप्स, नथ, टीका, एक पतली गले की चेन, कानों के कुंडल, एक जोड़ी कानों के बाले के साथ साथ करीब 750 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी हुए हैं।
चोर को पकड़ने का किया प्रयास
पुलिसकर्मी की पत्नी सुनील ने बताया कि चोर उनके कमरे में आया ओर बैड पर रखे मोबाइल फोन उठाकर चलने लगा। जिस पर आवाज हुई तो उसकी आंख खुल गई और उसने जैसे ही आवाज लगाई तो वो खिसकने लगा। तभी वह उसकी तरफ दौड़ी, लेकिन गिरने के कारण चोर वहां से भागने में सफल हो गया।
नौकर पर है शक
सुभाष वर्मा ने बताया कि उसके साथ लगते मकान में एक हलवाई ने कैटरिंग का काम किया हुआ है। जिसके पास एक युवक रहता था, जो वारदात के बाद से लापता है। वही युवक रात के समय साथ लगते मकान की छत पर ही सोया हुआ था, जिसकी तलाश की जा रही है। युवक बिहौली गांव का बताया जा रहा है।