निगम चुनाव से ठीक पहले मोहाली पुलिस ने लूट और सुपारी किलिंग में शामिल एक गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों से एक कार, .32 बोर की पांच पिस्टल, .32 बोर की एक रिवॉल्वर व असला बरामद किया है।
यह खुलासा शुक्रवार को एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने फेज-1 स्थित ऑफिस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया। आरोपियों में बलजीत चौधरी (30) निवासी लुधियाना, बलजीत सिंह (25) निवासी तक्कीपुर थाना मुल्लांपुर, अमनदीप सिंह (20) निवासी माजरा थाना मुल्लांपुर व दिलप्रीत (23) निवासी ढाहां थाना नुरपुर बेदी शामिल हैं।
आरोपी अपनी दहशत से लोगों से फिरौती मांगते थे। पैसे के लाचल में इन्होंने कई लोगों को जान से मारने के लिए सुपारी भी ली हुई थी। इनकी गैंग में कई नई उम्र के लड़के भी शामिल हैं। गैंग के पास काफी मात्रा में हथियार, गोली सिक्का मिला है। यह गिरोह अवैध हथियार बेचने का काम भी करता है। आरोपियों पर चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के विभिन्न जिलों में केस दर्ज हैं।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बलजीत चौधरी ने पीयू चंडीगढ़ के चुनाव में भी झगड़े किए थे। उस पर चंडीगढ़ में मारपीट के मामले दर्ज हैं। वहीं, इनकी गिरफ्तारी से कई पुराने केस सुलझने की उम्मीद है। एसएसपी ने बताया कि सीईआए स्टाफ की टीम इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह की अगुवाई में खानपुर चौक में गश्त कर रही थी।
तभी सूचना मिली कि एक गैंग के छह आरोपी हथियारों से लैस होकर खरड़ में किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। वह दो कारों में सवार होकर शहर में घूम रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों को काबू करने के लिए ट्रैप लगाया।
दो युवक बिना नंबर की कार से भागने में कामयाब
एक टीम जीएमबी कॉलोनी खानपुर के नजदीक पहुंची। इस बात का आरोपियों को पता लग गया। इसी बीच दो युवक बिना नंबर की कार से भागने में कामयाब रहे। इनमें सपिंदर सिंह निवासी सिंगारी वाल थाना मुल्लांपुर व लक्की निवासी मकान नंबर-7 खुड्डा लाहौरा चंडीगढ़ शामिल हैं। जबकि चार अन्य आरोपियों को पुलिस ने गाड़ी सहित काबू कर लिया है।
जीबीएम कॉलोनी में रहते थे। आरोपी जीबीएम कॉलोनी खानपुर में रहते थे। काफी समय से उक्त स्थान पर रहकर ही वारदात को अंजाम दे रहे थे। इनके खिलाफ विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपियों का पुराना रिकॉर्ड
बलजीत चौधरी बड़ा गैंगस्टर भी रहा है। चंडीगढ़ पीयू के इलेक्शन में भी दहशत मचाई थी। उस पर आठ मामले दर्ज हैं। इसमें तीन मुल्लांपुर, एक थाना सिटी रूपनगर, एक नूरपुर बेदी रोड, एक चंडीगढ़, एक मटौर व थाना फेज-8 में केस दर्ज है। बलजीत चौधरी ने फेज-8 में गोली चलाई थी। जबकि दूसरे बलजीत पर चंडीगढ़ के सेक्टर-11 व मुल्लांपुर में दो केस हैं। परमिंदर पर नुरपुर बेदी व नंगल में सात केस दर्ज हैं।