विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एसीपी वेस्ट बरजिंदर सिंह के रीडर राजेश कुमार को पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से विजिलेंस अधिकारी सख्ती से पूछताछ कर रहे हैं। आरोपी ने पांच हजार की राशि एक ट्रैवल एजेंट की फाइल को अधिकारी के साइन करवाकर आगे भेजने के लिए ली थी।
एसएसपी विजिलेंस दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया बस्ती दानिशमंदा के रहने वाले राहुल वधावन ने शिकायत की थी कि उसने ट्रैवल एजेंसी का कार्यालय खोलने के लिए लाइसेंस का आवेदन किया था। फाइल पूरी होकर एसीपी से फॉरवर्ड होने के लिए गई थी। एसीपी के रीडर राजेश कुमार ने फाइल को आगे भेजने के लिए पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
वधावन की शिकायत पर विजिलेंस ब्यूरो की टीम का गठन किया गया। टीम का इंचार्ज डीएसपी निरंजन सिंह को बनाया गया। डीसीपी निरंजन सिंह ने सरकारी गवाहों की हाजिरी में वधावन ने एसीपी के रीडर राजेश कुमार को पांच हजार रुपये दिए। इस दौरान टीम ने रेड कर दी। राजेश कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया और रिश्वत के पांच हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए।