सोशल मीडिया में एक युवती को दोस्ती करना महंगा पड़ गया। आरोपी ने पहले हमदर्द बनते हुए बातें की बाद में युवती के साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना पंजाब के लुधियाना की है। यहां, सोशल मीडिया पर दोस्ती के दौरान बातों-बातों में पिता की बीमारी की दवा दिलाने के नाम पर एक युवक ने युवती को होटल में बुला लिया। आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीली चीज मिलाकर पिला दी।
इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ दुराचार किया। आरोपी ने उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए। कुछ दिन तो युवती ने यह बात सबसे छिपाए रखी। जब उसके सब्र का बांध टूटा तो उसने इस बारे में परिजनों को बताया। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी थाना डिवीजन दो की पुलिस को दी। पुलिस ने युवती की शिकायत पर ढोलेवाल स्थित राम नगर निवासी कीर्ति शर्मा के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल करवा रही है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह 9वीं कक्षा की छात्रा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह एक ब्यूटी पार्लर पर काम सीखती है। करीब डेढ़ महीना पहले सोशल मीडिया पर आरोपी के साथ उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों की दोस्ती हो गई और चैटिंग शुरू हो गई। पीड़िता के अनुसार उसके पिता बीमार रहते हैं। उसने बातों-बातों में आरोपी को पिता के बीमार होने की बात बताई तो उसने दवा दिलाने का झांसा दिया।
आरोपी ने उसे घंटाघर के पास दवा दिलाने का झांसा दे बुलाया। वहां दोनों ने इकट्ठा चाय पी और वह घर चली गई। कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे ब्राऊन रोड स्थित एक होटल में बुलाया। वहां पर आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। उसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। उसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया और उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए।
काफी दिन तक आरोपी की धमकियां सुनने के बाद उसने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। थाना डिवीजन दो के एसएचओ सब इंस्पेक्टर राजवंत पाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है। वहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी हुई है।