युवक ने जीजेयू की छात्रा से रेप कर वीडियो क्लिप बनाकर उसकी तीन सहेलियों के व्हाट्स एप पर भेज दिया मामला हरियाणा के हिसार का है। पुलिस ने आरोपी सोनीपत के महेंद्र को गिरफ्तार कर न्यायिक दंडाधिकारी इंदुबाला की अदालत में पेश किया। जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
सिटी थाना प्रभारी प्रह्लाद सिंह व सरकारी वकील राजेश चौधरी ने अदालत में आरोपी का पांच दिन का रिमांड मांगा। मगर उसका तीन दिन का रिमांड मंजूर हुआ। पुलिस के अनुसार छात्रा की जान पहचान महेंद्र से मार्च 2014 से है। महेंद्र ने तब छात्रा के मोबाइल फोन पर संपर्क किया था। बार-बार फोन कर संपर्क करने के दौरान आरोपी ने छात्रा को जॉब दिलाने का झांसा देकर विश्वास में लिया था।
पुलिस के अनुसार करीब दो महीने बाद आरोपी ने छात्रा को फोन कर रेवाड़ी बुलाया था और वहां उसे एक मॉल में ले जाकर बात की थी। जॉब की बातचीत के बाद उसने छात्रा को बस अड्डे पर छोड़ा, जहां से छात्रा अपने घर चली गई। बाद में छात्रा जुलाई 2015 में जीजेयू आ गई। महेंद्र 26 जुलाई को यहां आया और छात्रा को फोन कर जॉब दिलाने का झांसा देकर बुला लिया। इसके बाद वह छात्रा को लेकर बस अड्डे पहुंचा और वहां से दोनों बस से हरिद्वार पहुंच गए।