पहरावर गौशाला में गाय की पूजा करने गई महिला से गौशाला के पूर्व कमेटी सदस्य ने ही दुष्कर्म कर डाला। आरोपी ने पहले तो धोखे से महिला को एक कमरे में भेजा और बाद में खुद घुस गया। यहां जान से मारने की धमकी देकर उसे हवस का शिकार बनाया।
मामला हरियाणा के रोहतक का है। इस संबंध में माता दरवाजा निवासी दलित महिला की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने कमेटी के पूर्व सदस्य जयभगवान के खिलाफ दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट सहित बंधक बनाने की धाराओं में केस दर्ज किया है।
हैरत की बात यह है कि मामले की जांच अधिकारी एएसआई देवी रानी को बनाया गया है। जबकि तय दिशा-निर्देशों के अनुसार एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट शामिल होने पर डीएसपी स्तर के अधिकारी को जांच अधिकारी बनाने के विशेष निर्देश हैं। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया।
वहीं मामले में गौशाला के संस्थापक नरेश शर्मा का कहना है कि जयभगवान गौशाला कमेटी का सक्रिय सदस्य नहीं है। उन्होंने कहा, जब महिला आई थी, तो जय भगवान ने बताया कि झूठे केस के मामले में फंसाने के लिए तीन लाख रुपये मांग रही थी। इस मामले में सेक्टर एक पुलिस चौकी में शिकायत दी गई थी।