फिरोजपुर में रेप के बाद 7 साल की बच्ची की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
हवस के भूखे भेड़िए ने 7 साल की बच्ची से रेप किया, बाद में भेद खुलने के डर से उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। वारदात, फिरोजपुर जिले के गांव झोक हरिहर की दाना मंडी की है। शुक्रवार बच्ची की लाश कुएं में पड़ी देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने कुएं से बच्ची की लाश निकाल कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल फिरोजपुर पहुंचाया। बच्ची के सिर पर गहरी चोट लगी है।
बच्ची के परिजनों ने पुलिस को बताया कि वीरवार रात एक बजे तक बच्ची चारपाई पर सो रही थी। उसके बाद जब सुबह बच्ची को देखा तो चारपाई पर नहीं थी। बच्ची की कपड़े गांव के छप्पड़ में पड़े थे। बच्ची की तलाश शुरू कर दी। गांव में एक खेत में लगे ट्यूबवेल के कुंए (खुई) में बच्ची की लाश पड़ी मिली। इसे देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस के आने पर बच्ची की लाश को कुंए में से निकाला।
बच्ची के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था। उधर, एसपी (डी) रछपाल सिंह व डीएसपी बलविंदर सिंह संधू ने बताया कि बच्ची की हालत देख प्रतीत होता है कि किसी व्यक्ति ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी और लाश कुंए में फेंक दी। पुलिस का कहना है कि मामले की तहकीकात की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।