उस समय मैं 9वीं में पढ़ती थी। मां की मौत के बाद पिता ने दो बार मेरे साथ रेप किया, मैं चुप रही, लेकिन अब नहीं रहूंगी।
पिता ने दोबारा उसके साथ रेप की कोशिश की, अगर छोटा भाई समय पर न आता तो वे अपने नापाक इरादों में कामयाब हो जाते। ये शिकायत देते हुए पीड़िता छात्रा ने अपने पिता के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कराया है। फिलहाल आरोपी पिता फरार है।
सिटी समाना इंचार्ज इंस्पेक्टर बलविंदर पाल कौर के मुताबिक समाना की एक युवती ने चाय की दुकान चलाने वाले अपने पिता पर उसके साथ रेप करने के आरोप लगाए हैं। लड़की के मुताबिक जब वह नौवीं कक्षा में पढ़ती थी उस समय उसकी मां की मौत हो गई थी। मां की मौत के बाद पिता ने उसके साथ दो बार रेप किया। बाद में भी पिता ने कई बार रेप और छेड़छाड़ की कोशिश की लेकिन उसके विरोध के कारण यह नहीं हो सका। करीब एक माह से उसका पिता किसी काम से बाहर गया हुआ था।
बुधवार को वापस आने पर उसने अपनी बेटी के साथ फिर से रेप की कोशिश की लेकिन इसी बीच घर पर उसका भाई आ गया जो पीड़िता से छोटा है। लड़के ने यह देखकर शोर मचा दिया जिससे पिता मौके से भाग गया।
मामला पुलिस तक पहुंचा और वीरवार को पीड़िता के बयान पर आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। फिलहाल आरोपी पिता फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।