सीबीआई ने पंजाब टेक्निकल एजुकेशन के ज्वाइंट डायरेक्टर जगजीत सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शनिवार को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई के अनुसार आरोपी मोहाली निवासी जगजीत सिंह (50) को शुक्रवार शाम को सेक्टर 36 स्थित उसके ऑफिस से रिश्वत लेते पकड़ा गया। सूत्रों के अनुसार सीबीआई को पंजाब में आईटीआई इंस्टीट्यूट के चेयरमैन जीआर सिंह ने शिकायत दी थी कि जगजीत सिंह उनसे 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत के बाद सीबीआई ने आरोपी व पीड़ित के बीच पैसों की लेनदेन की फोन रिकार्डिंग करनी शुरू कर दी। डायरेक्टर ने शुक्रवार को सेक्टर 36 में उनके ऑफिस में ही रिश्वत के 50 हजार रुपये पहुंचाने को कहा। सीबीआई ने सेक्टर 36 पंजाब टेक्निकल ऑफिस में ट्रैप लगा दिया और जैसे ही जगजीत सिंह ने पैसे पकड़े उसको सीबीआई ने दबोच लिया।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार कि जीआर सिंह के इंस्टीट्यूट को विभाग की तरफ से एक शोकॉज नोटिस भेजा गया था। जिसमें मान्यता रद्द करने की बात कही गई थी। इंस्टीट्यूट रद्द न करने के एवज में जगजीत सिंह ने 50 हजार रुपयों की मांग की थी। सीबीआई ने जगजीत सिंह केखिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तारी डाल दी है। उसके बाद सीबीआई ने सेक्टर 36 स्थित जगजीत केआफिस में मोहाली में उसके घर पर सर्च कर कागजात व फाइलें जब्त की हैं। शनिवार को आरोपी को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई आरोपी को रिमांड में ले कर इस बात का पता लगाएगी कि कहीं ये रिश्वत का पैसा आगे तो नहीं अफसरों में बंटना था।