अंबाला-चंडीगढ़ मार्ग पर शनिवार देर रात दप्पर में स्थित पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम लुटेरे उखाड़ कर ले गए। सेडान कार में आए बदमाशों ने मात्र 20 मिनट में वारदात को अंजाम दिया। घटनास्थल से पांच किमी दूर घग्गर पार मनौली सूरत के पास मशीन का कुछ हिस्सा मिला है। मशीन में 18.43 लाख रुपये की नगदी बताई गई है। एटीएम की सुरक्षा के लिए कोई गार्ड तैनात नहीं था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 2: 13 बजे नकाबपोश बदमाश दो सेडान कारों में सवार होकर आए। बदमाश एटीएम केबिन का शटर तोड़कर मशीन को लोहे की तार से वाहन से बांध दिया और फिर झटका देकर उसे उखाड़ दिया। इस संपूर्ण कार्य में उनको मात्र बीस मिनट लगे। लुटेरों की संख्या छह के करीब बताई जा रही है। घटनास्थल से पांच किमी दूर घग्गर पार मनौली सूरत के पास मशीन का कुछ हिस्सा मिला है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लुटेरे लैहली-बनूड़ रास्ते से भागे हैं।
हैरत की बात यह है कि इस रास्ते पर लैहली पुलिस चौकी सहित रैपिड रूरल रिस्पांस सिक्योरिटी भी तैनात रहती है। दूसरी ओर, हाईवे पर स्थित यह एटीएम बीते साल जुलाई से सेवा में है, लेकिन अब तक प्रबंधकों ने सिक्योरिटी गार्ड को तैनात नहीं किया। बैंक के बाहर सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पता चला है कि लुटेरे दो सेडान कारों में सवार होकर आए थे।
मशीन का कुछ हिस्सा पांच किमी दूर मिला
चोरी
- फोटो : अमर उजाला
बैंक मैनेजर नवतेज सिंह के अनुसार, एटीएम सुबह 7:30 से शाम 7:30 बजे तक खुलता है। शाम करीब साढे़ सात बजे इसे बंद कर दिया जाता है। बाहर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने से पता चला है कि लुटेरे 2: 13 बजे दो सेडान कारों में घटनास्थल पर पहुंचे। शटर तोड़ने के बाद एटीएम केबिन में घुसते ही एक ने अंदर लगा सीसीटीवी कैमरा उतार दिया। लुटेरे 2: 33 बजे लुटेरे दो वाहनों समेत फरार हो गए। उन्होंने बताया कि एटीएम में 18.43 लाख रुपये की नकदी मौजूद थी। अंधेरा होने के कारण फुटेज साफ नहीं दिख रहा है।
एसपी अर्शदीप सिंह ने बताया कि एटीएम मशीन को उखड़ कर ले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। सुबह मशीन का टूटा हुआ कुछ हिस्सा बनूड़ थाने के तहत गांव मनौली सूरत के निकट वीरान जगह से बरामद हुआ है। इससे पता चलता है कि लुटेरों ने वारदात के बाद मशीन को खोलने की कोशिश अंधेरे में ही की। मशीन को तोड़ने की कोशिश कामयाब नहीं हुई, इसके बाद लुटेरे मशीन को लेकर किसी अन्य ठिकाने की ओर फरार हो गए। मामले में बनूड़ और मोहाली पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भबात में 12 फरवरी की रात लुटेरे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर मशीन उखाड़ ले गए थे। उसमें 9 लाख रुपये थे, जबकि तोड़ी गई मशीन थाना सोहाना क्षेत्र में बरामद हुई थी।