पुलिस को दिए बयान में एसएचओ फतेहगढ़ चूडियां परमजीत सिंह ने बताया है कि उसने अपने मोबाइल पर एक वीडियो को देखा कि फतेहगढ़ चूड़ियां में तैनात एएसआई बलविंदर सिंह एनडीपीएस एक्ट में नामजद आरोपी गुरमीत सिंह गांव बंब के घर में बैठा हुआ है। वीडियो में तीन सरदार एएसआई को कह रहे हैं कि वह अपने जेब से पांच सौ के दो नोट निकाले जो उसने रिश्वत के रूप में गुरमीत सिंह से लिए।
वीडियो में एएसआई अपनी जेब से चुपचाप 500 के दो नोट निकाल कर उक्त तीन लोगों को देते हुए दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में गुरमीत सिंह कह रहा है कि एएसआई उसके केस से संबंधित चालान पेश करने के नाम पर पांच हजार रुपये की डिमांड कर रहा था।
फतेहगढ़ चूड़ियां के डीएसपी बलबीर सिंह ने बताया कि उक्त आरोपी एएसआई के खिलाफ थाना कोटली सूरत मल्ही में प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 के तहत मामला दर्ज करके सस्पेंड कर दिया गया है। एएसआई पर यह मामला वायरल वीडियो के आधार पर किया गया है। मामले में आगे की जांच डेरा बाबा नानक के डीएसपी जोगिंदर सिंह करेंगे। फिलहाल आरोपी एएसआई फरार है और उसका मोबाइल भी बंद है।