सेक्टर-17 स्थित ताज होटल के पास एक एसआई को सीबीआई ने 15 हजार रुपये की रिश्वत के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-3 थाने में तैनात एसआई सेवक सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हेमराज पर दस दिन पहले सेक्टर 3 पुलिस स्टेशन में ट्रैस पासिंग की एफआईआर दर्ज हुई थी।
एक अन्य मामले में उसके खिलाफ धमकाने की डीडीआर दर्ज की गई थी। इसी केस में एसआई सेवक सिंह आरोपी हेमराज से 20 हजार रुपये की डिमांड कर रहा था। उसका कहना था कि अगर पैसे नहीं दिए तो डीडीआर को एफआईआर में दर्ज कर देगा।
जानकारी के अनुसार आरोपी हेमराज ने इसकी शिकायत 18 तारीख को सीबीआई में दी। योजना के अनुसार आरोपी हेमराज और एसआई सेवक सिंह की डील 15 हजार में तय हो गई। इसके बाद सोमवार को सुबह करीब 10:30 बजे एसआई और हेमराज की मुलाकात ताज होटल के पास स्लिप रोड पर इनोवा कार में हुई। कार में दोनों के बीच पूरी बातचीत हुई और जैसे ही रुपये पकड़ाए सीबीआई अधिकारियों ने दबोच लिया।
थाने के रूम से 39 बोतल शराब और 60 हजार रुपये बरामद
सीबीआई से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी एसआई सेवक सिंह का थाने में बना रूम खंगाला गया। इस दौरान सीबीआई का दावा है कि 39 बोतल अंग्रेजी शराब और 60 हजार कैश बरामद हुआ है। उसे सीबीआई टीम ने जब्त कर जांच शुरू कर दी।
बातचीत की रिकार्डिंग सीबीआई के पास
सीबीआई अधिकारियों का दावा है कि इनोवा कार में एसआई और हेमराज के बीच पूरी डील की बातचीत हुई। इसकी रिकॉर्डिंग उसके पास पड़ी है। सूत्रों की मानें तो सीबीआई एसआई के साथ जुड़े नाम तलाश रही है।