फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में जिन युवकों को पुलिस ने बचाया, उनकी हिस्ट्री जान उड़ गए सभी के होश

Wed, 27 Nov 2019 01:10 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रेवाड़ी (हरियाणा)
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर रोड पर सुरजपुरा चौक के समीप हादसे का शिकार हुई पोलो कार में सवार चारों युवक शातिर बदमाश हैं। सूचना के बाद पुलिस उन्हें बचाने के लिए पहुंची थी, लेकिन तलाशी लेने के बाद पुलिस की आंखें खुली रह गई। चारों बदमाशों में से एक की जेब से देसी कट्टा व तीन अन्य युवकों की जेब से एक पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस व गोली के खोल बरामद हुए। 

विज्ञापन


चारों को प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बदमाशों ने करीब एक दर्जन वारदातों का खुलासा किया है। चारों बदमाश फरीदाबाद के रहने वाले हैं और एनसीआर में वारदातों को अंजाम देते थे।

13 नवंबर को दिल्ली-जयपुर हाईवे व एनएच 71 के टी प्वाइंट पर पिस्तौल दिखाकर एक युवक से पोलो कार लूटने के बाद बदमाशों ने 19 नवंबर को फरीदाबाद के अलीपुर गांव में एक युवक को गोली मार दी थी। उसके बाद से सभी बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार थे। जानकारी के अनुसार सोमवार की रात एक तेज रफ्तार पोलो कार गांव मीरपुर रोड पर सूरजपुरा चौक के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। 
विज्ञापन


लोगों के सूचना के बाद मौके पर पुलिस ने घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला तो घायल युवक की जेब से कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद में पुलिस ने युवकों के साथ ही कार की तलाशी ली एक पिस्तौल, 13 कारतूस व 9 चली हुई गोलियों के खाली खोल बरामद हुए। आरोपियों की पहचान फरीदाबाद निवासी विकास, अर्जुन साहू, नरेश भाटी, प्रवीण उर्फ कालू और सुधीर के रूप में हुई है। अर्जुन साहू को पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है।

हाईवे पर कार में पेट्रोल डलवाकर भागे थे

धारूहेड़ा पुलिस के अनुसार हादसे से पहले चारों बदमाशों ने हाईवे पर गांव खिजुरी के पास महाबीर फिलिंग स्टेशन पर गाड़ी में तेल डलवाया था। सेल्समैन पैसे मांगने लगा तो उसे डरा धमकाकर बदमाश गाड़ी भगा ले गए थे। सीसीटीवी में गाड़ी के नंबर कैद हो गए थे। इसी आधार पर पुलिस को बदमाशों की तलाश थी। हादसे से पहले भी बदमाशों को लगा कि पुलिस उनके पीछे आ रही है। जिससे उन्होंने छोटे रास्ते पर ही गाड़ी को तेज गति से भगा दिया।

बुलेट के नंबर की प्लेट लगाई गाड़ी पर
पुलिस ने जांच की तो पोलो कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई। गाड़ी पर मिले नंबर हिसार में एक बुलेट बाइक पर रजिस्टर्ड है। पूछताछ करने पर बदमाशों ने बताया कि पोलो कार को उन्होंने 13 नवंबर को कसौला थाना क्षेत्र के एनएच-8 व एनएच-71 के टी प्वाइंट पर एक युवक से लूटी थी। उस दौरान बदमाश अपना कट्टा मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे।

नरेश निकला मास्टर माइंड
पुलिस के अनुसार इस गिरोह का मास्टर माइंड 22 वर्षीय नरेश भाटी है। उस पर रेवाड़ी व फरीदाबाद जिले में आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास, स्नैचिंग, लूट व मारपीट के मामले दर्ज है। नरेश भाटी इस इलाके से अच्छी तरह वाकिफ है। क्योंकि कुछ साल पहले तक वह केएलपी कॉलेज में पढ़ता था और जिले के गांव लाधुवास में अपनी बुआ के घर रहता था। बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई बीच में छोड़कर वह वापस फरीदाबाद चला गया था। वहीं उसने गिरोह तैयार किया और पहले फरीदाबाद तथा अब रेवाड़ी के आसपास वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था।
विज्ञापन

नाबालिग उम्र में अपराधी बन बैठे

पांचों बदमाशों की उम्र 21 से 23 साल के बीच है। इनमें विकास (23), अर्जुन साहू (21), नरेश भाटी (22), प्रवीण उर्फ कालू (21) व सुधीर (22) साल का है। पुलिस के अनुसार प्रवीण उर्फ कालू बड़ा शातिर है। उसने मात्र 17 साल की उम्र में ही बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उसके बाद जमानत पर बाहर आया और फिर एक के बाद एक कई वारदातों को अंजाम दिया। 

गिरोह के खिलाफ दर्ज मुकदमे
बदमाश विकास के खिलाफ धारूहेड़ा में धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। जबकि फरीदाबाद में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। इसी प्रकार अर्जुन के खिलाफ धारूहेड़ा में आर्म्स एक्ट व धोखाधड़ी और फरीदाबाद में मारपीट के मामले दर्ज हैं। नरेश भाटी के खिलाफ आधा दर्जन मामले दर्ज है, जिनमें धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट धारूहेड़ा, कसौला में लूट के दो मामले, फरीदाबाद में हत्या का प्रयास व मारपीट के मामले दर्ज है। प्रवीण उर्फ कालू के खिलाफ पांच मामले दर्ज है। इनमें तीन धारूहेड़ा व एक गुरुग्राम व एक फरीदाबाद में दर्ज है। सुधीर के खिलाफ धारूहेड़ा व फरीदाबाद में तीन मामले दर्ज है।

सभी बदमाशों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अन्य वारदातों के खुलासे होने की संभावना है। सभी आरोपियों का वारदात क्षेत्र रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद रहा है। -हंसराज, डीएसपी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें