हरियाणा के पंचकूला जिले में मनसा देवी थाने से पांच सौ मीटर की दूरी पर मिले युवती के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। अबॉर्शन न कराने पर प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर महिला को मौत के घाट उतारा था। इतना ही नहीं, साक्ष्य मिटाने के लिए दोनों ने पेट्रोल छिड़ककर शव को आग लगा दी थी।
इससे पहले प्रेमी ने महिला के शरीर पर चाकू से दो से तीन वार किए थे। वह सीसीटीवी कैमरों की नजर से बचते हुए एक्टिवा से शव को पंचकूला एरिया में लेकर आए थे। सीआईए दो युवकों को राउंडअप कर पूछताछ में जुटी है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक वारदात सुलझाने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अधिकारियों ने इतना जरूर बताया कि केस को सॉल्व कर लिया गया है।
शनिवार को पुलिस इस मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर सकती है। मृतक महिला की पहचान सुनीता (21) मूलरूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और वह लंबे समय से मनीमाजरा में अकेली ही रहती थी।
विवाहित थी महिला, पांच माह की गर्भवती
अधजला शव किसी युवती का नहीं, बल्कि एक शादीशुदा महिला का था। पति से अनबन होने के कारण वह चंडीगढ़ के मनीमाजरा में अकेले ही रहती थी। कुछ समय बाद मनीमाजरा निवासी एक युवक से उसका अफेयर हो गया। सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन करीब एक साल बाद जब महिला ने प्रेमी युवक को बताया कि वह उसके बच्चे की मां बनने वाली है तो प्रेम में खटास पैदा हो गई। हत्यारोपी युवक ने महिला पर अबॉर्शन करवाने का दबाव बनाया, लेकिन उसने साफ इंकार कर दिया। इसे लेकर दोनों में जमकर विवाद हुआ।
महिला ने चुन्नी से दबा लिया था खुद का गला
आरोपी प्रेमी युवक ने पहले अपने दोस्त को बुलाकर उसे सारे मामले की जानकारी दी। इसके बाद एक बार फिर अबॉर्शन कराने का दबाव बनाया, लेकिन महिला अपने फैसले पर अड़ी रही। इस पर आरोपी ने दोस्त के सामने ही कई थप्पड़ मारे। महिला ने गुस्से में आकर अपना गला चुन्नी से दबा लिया, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी थी। दोनों युवकों ने समझा महिला की मौत हो गई है। इसके बाद भी प्रेमी ने चाकू से पेट और आसपास के हिस्से में दो से तीन वार किए।
रस्सी की बोरी में डालकर लाए थे महिला का शव
हत्या करने के बाद दोनों युवकों ने मिलकर महिला के शव को रस्सी की बोरी में डाला। इसके बाद आरोपियों ने एक्टिवा से दो लीटर की बोतल में पेट्रोल निकाला। उन्होंने शव को एक्टिवा के अगले हिस्से में रखा और मनीमाजरा से चलकर सीसीटीवी कैमरे की नजर से बचते हुए मनसा देवी थाने से पांच सौ मीटर की दूरी पर पहुंचे। जहां इन्हें अंधेरा और कोई आता-जाता दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पेट्रोल डालकर शव को आग लगाकर भाग निकले थे।
रात 1.40 बजे पेट्रोल छिड़ककर शव को लगाई थी आग
दोनों युवकों ने शव को शनिवार रात करीब 1.40 बजे आग लगाई थी। इसके बाद वह कैमरे से बचते हुए सीधे मनीमाजरा स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे, जहां उन्होंने एक्टिवा की टंकी को फुल करवाया और फिर गायब हो गए, लेकिन पुलिस मोबाइल डंप डाटा के सहारे दोनों हत्यारोपियों तक पहुंच गई। सूत्रों ने बताया कि पति से अनबन और अलग रहने के कारण ही समाचार पत्रों में हत्या की खबर छपने के बाद अधजले शव का कोई पहचान करने नहीं पहुंचा। यदि ऐसा न होता तो वारदात के 125 घंटे बीत जाने के बाद कोई न कोई सामने जरूर आ जाता।
चार प्रदेश के थानों को किया गया था अलर्ट
अधजले शव की पहचान के लिए डीसीपी कमलदीप गोयल के आदेश पर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की पुलिस को अलर्ट किया गया था। जब इस मामले को लेकर डीसीपी कमलदीप गोयल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया। हालांकि, पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और वारदात का खुलासा जल्द करेंगे।