होटल में ठहरा और 6 टीवी लेकर फरार
- फोटो : अमर उजाला
कालका के अशोका रेजिडेंसी होटल में कमरा लेकर ठहरा व्यक्ति होटल के अलग-अलग कमरों में लगी छह एलईडी टीवी लेकर फरार हो गया। होटल के मैनेजर राजेश कुमार ने बताया कि सोमवार शाम लगभग साढ़े चार बजे होटल में एक व्यक्ति आया व अन्य 8 लोगों के और आने की बात कहकर कमरों की मांग की। उन्होंने बताया कि वह होटल में कार्यरत एक अन्य कर्मचारी संजीव कुमार के साथ उक्त व्यक्ति को कमरे दिखाने गए। उन्होंने उसे कमरे दिखाए।
इसके बाद वह व्यक्ति अन्य साथियों के साथ सलाह करके बताने की बात कहकर वहां से चला गया। उन्होंने बताया कि लगभग 15 मिनट बाद वह व्यक्ति फिर आया और 4000 रुपये में 4 कमरे बुक किए। इसकी एवज में उसने 2500 रुपये एडवांस भी दे दिए और अपने 8 अन्य साथियों के रात को लगभग 10 बजे आने की बात कही। आरोपी ने अपना नाम रमन गुप्ता बताया और पहचान पत्र भी दिया। इस पर 160, शिवलोकपुरी, जिला मेरठ यूपी का पता लिखा था। राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी कमरा नंबर 108 में जाकर आराम करने लगा। उसने रात लगभग साढ़े आठ बजे खाना मंगवाकर खाया।
लगभग 10:45 बजे उन्होंने उस व्यक्ति को फोन कर उसके बाकी साथियों के बारे में पूछा जो तब तक नहीं आए थे। इस पर उसने कहा कि शायद उसके साथियों का आना कैंसल हो गया है। आप मेन डोर लॉक कर लो। राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने रात लगभग 11 बजे होटल का मेन गेट लॉक कर दिया और लगभग साढ़े 12 बजे सोने चले गए। इसके बाद मंगलवार सुबह लगभग 4 बजे अन्य कमरे से चेक आउट करके जाने वालों के लिए गेट खोल दिया गया। सुबह लगभग 6:30 बजे उनके होटल का एक कर्मचारी अमरीश कमरों में सफाई करने गया तो उसने बताया कि कमरा नंबर 108 खुला था 32 इंच की एलईडी गायब थी।
जब उन्होंने कमरे में देखा तो पर्दे का आधा हिस्सा भी गायब था। आनन-फानन में अन्य खाली कमरों को भी चेक किया गया क्योंकि खाली कमरों को लॉक नहीं किया जाता था। कमरे चेक किए तो रूम नंबर 210, 211, 212, 215 तथा 216 से भी एलईडी गायब थी। सभी एलईडी सोनी कंपनी की थीं। जिनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना होटल के मालिक लेखराज वर्मा को दी जो कि फिलहाल कहीं बाहर हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है तथा पुलिस कर्मी होटल पर आकर जांच करके भी गए हैं।
पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए रवाना
कालका थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। व्यक्ति द्वारा जमा कराए गए पहचान पत्र पर दिए गए पते पर पुलिस कर्मियों को जांच के लिए भेजा है। गौरतलब है कि कालका-पिंजौर में इससे पहले भी होटलों से इसी प्रकार एलईडी चोरी करने के मामले प्रकाश में आ चुके हैं।