रेवाड़ी में एकतरफा प्यार के चलते एक युवक ने एनजीओ में काम करने वाली युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। हमला करने से पूर्व ही युवक खुद भी जहर निगल चुका था। दोनों की हालात गंभीर बनी हुई है, आरोपी युवक को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रैफर किया गया है। मामला शहर के मोहल्ला हंसनगर का है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला हंस नगर निवासी एक 29 वर्षीय युवती एक एनजीओ में सर्वेयर का काम करती है। रोजाना की तरह युवती सोमवार सुबह भी अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकली थी। युवती जैसे ही भाड़ावास फाटक पर पहुंची घर के सामने ही रहने वाला युवक बबलू भी वहां पहुंच गया। युवती के कुछ समझने से पहले ही बबलू ने चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। चाकू लगते ही युवती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई।
वहीं आरोपी युवक को लोगों ने पकड़ा तो उसने खुद के जहर खाने और मौत होने पर लोगों के ही जिम्मेदार होने का हवाला दिया। सहमे लोग पीछे हटे तो आरोपी कंटनेर यार्ड की ओर भाग गया। उधर लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और 102 नंबर पर मामले की जानकारी दी। जिसके बाद युवती को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।
कंटेनर डिपो के पास बेहोशी की हालत में मिला युवक
मामले की जानकारी मिलने के बाद मॉडल टाउन पुलिस की एक टीम आरोपी युवक की तलाश में जुट गई। जानकारी मिली कि एक युवक कंटेनर डिपो के पास ही बेहोश पड़ा है। युवक को ट्रामा सेंटर लाया गया, जहां पता चला कि युवक के शरीर में जहर है। हालत नाजुक होने के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
पहले भी खा चुका है जहर
बबलू शादीशुदा है, लेकिन उसने अपनी पत्नी को छोड़ रखा है। युवक शराब पीने का भी आदि है। युवक बबलू इससे पहले भी जहर खा चुका है, लेकिन उस समय उसकी जान बच गई थी। मॉडल टाउन पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्यार का आया है।
ओमप्रकाश यादव, थाना प्रभारी, मॉडल टाउन ने बताया कि युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामला एक तरफा प्रेम प्रसंग का ही बताया जा रहा है। युवक पीजीआई में भर्ती है तथा उसके बयान दर्ज होने के बाद ही घटना के पीछे का सारा सच सामने आ पाएगा।