सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन के सामने शुक्रवार सुबह सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग की कार की टक्कर लगने से मौत हो गई। बुजुर्ग सैर करके पैदल घर लौट रहे थे।
मृतक की शिनाख्त सेक्टर-22 निवासी रिटायर्ड बैंक कर्मचारी ओमप्रकाश (67) के रूप में हुई है। कार सेक्टर-44 निवासी महिला श्रुति चला रही थी। सेक्टर-17 पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओमप्रकाश प्रतिदिन की तरह रोज गार्डन में सैर करने गए थे। सुबह वह सैर करके लौट रहे थे तो कार सवार महिला ने टक्कर मार दी।
घायल को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के पिता पीजीआई में ही भर्ती है, घटना के समय वह पीजीआई जा रही थी
मालूम हो कि बुधवार रात सेक्टर-17 के चौक पर पुलिस बस की चपेट में आने से रामदरबार निवासी एक युवक की मौत हुई थी। सेक्टर-17 पुलिस थाना प्रभारी दिलशेर चंदेल का कहना है कि घटना सुबह हुई है। इस हादसे में सेक्टर-22 निवासी बुजुर्ग ओमप्रकाश की मौत हुई है