मोबाइल दुकान चला रहे दंपति को नशे में धुत्त युवक ने बुरी तरह पीट डाला। ये सारा मंजर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। मामला, चंडीगढ़ में बुधवार रात को सेक्टर 18 में घटित हुआ। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 19 निवासी जोगिंदर पाल सोनी (58)और उनकी पत्नी संतोष कुमारी (56) सेक्टर 18 में मोबाइल की दुकान चलाते है। जोगिंदर पाल सोनी ने बताया कि रात को करीब 10 बजे उनका पड़ोसी युवक पेशे से ड्राइवर राजीव नशे की हालत में उनकी दुकान में घुसा और उनकी पत्नी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। जब उसको रोका गया तो उसने पत्नी पर हमला कर दिया।
जोगिंद्र पाल पत्नी की मदद के लिए सामने आए तो उनकी भी पिटाई कर डाली। आरोप है कि दंपति पिटते रहे और आसपास के दुकानदार तमाशा देखते रहे। किसी की हिम्मत नहीं हुई कि कोई इसको रोके ।