निहाल सिंह वाला में अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं की आपत्तिजनक वीडियो बनाने के कारण तनाव की स्थिति बन गई है। इस बात से भड़के दलित समाज कार्यकर्ताओं ने यह वीडियो तैयार करने वाले के घर पर पथराव कर दिया। थाना निहाल सिंह वाला ने दोनों गुटों खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले की जांच कर रहे एएसआई गुरतेज सिंह ने बताया कि दलित नेता जगराज सिंह निवासी निहाल सिंह वाला और अन्य कार्यकर्ताओं ने दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि प्रितपाल सिंह उर्फ मिंटू जाट निवासी निहाल सिंह वाला ने अनुसूचित जाती(मजहबी सिख) वर्ग के साथ संबंधित महिलाओं की आपत्तिजनक वीडियो बना कर वाट्सऐप के अलावा इटंरनेट पर डाल कर दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी
इस संबंध में दलित नेता जगराज सिंह की शिकायत पर प्रितपाल सिंह उर्फ मिंटू जाट के अलावा उसके साथी बलबीर सिंह निवासी निहाल सिंह वाला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
इस बात से भड़के दलित समाज कार्यकर्ताओं ने यह वीडियो तैयार करने वाले प्रितपाल सिंह उर्फ मिंटू जाट के घर में दाखिल हो कर पथराव करने के अलावा तोड़ फोड़ की। इस मामले में प्रितपाल सिंह उर्फ मिंटू जाट के पिता जगसीर सिंह की शिकायत पर दलित कारकुन चिंगारी, तरसेम सिंह, राजू सिंह, सत्ति सिंह समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जांच अधिकारी एएसआई गुरतेज सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई थी लेकिन किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में स्थिति काबू में है।