सेक्टर 26 स्थित डिस्कोथेक में युवकों और बाउंसरों में जमकर लात घूंसे चले। इस दौरान एक बाउंसर ने एक युवक का सिर फोड़ दिया। हंगामा बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। जहां दोनों पक्षों में समझौता हो गया। मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात सेक्टर 26 के डिस्कोथेक के बाहर जमकर हंगामा हुआ। अमृतसर से आऐ तीन युवकों और डिस्को में तैनात बाउंसरों के बीच जमकर हाथापाई हुई। इसमें एक युवक प्रभजोत सिंह का सिर फ ट गया। वह लहूलुहान हो गया। प्रभजोत ने बताया कि वह अपने दो दोस्तों के साथ डिस्को में आया था। इसी दौरान उसने डिस्को में माइक लेकर गाना चाहा। इस पर तीन युवक उस पर और उसके दोस्तों पर टूट पड़े।
प्रभजोत ने आरोप लगाया कि एक बाउंसर ने उसके सिर पर कड़े से वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल युवक ने 100 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंची सेक्टर 26 थाना पुलिस दोनों पक्षों को पुलिस स्टेशन ले गई। जहां पर बाद में दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया।
महिलाओं से छेड़छाड़ का आरोप
वहीं, एक बाउंसर का कहना था कि युवक डिस्को के अंदर महिला मेहमानों के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। कई बार मना किया गया पर वे नहीं माने। इसके बाद उनको जबरदस्ती डिस्को से बाहर निकाल दिया गया। युवक को चोट कैसे लगी हमें नहीं पता।