पंजाब के फिरोजपुर में थाना ममदोट के अंतर्गत पड़ते घोड़े चक्क रोड व ढाणी लल्याणी में मंगलवार घर की तरफ जाते रास्ते को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने मां-बेटे की हत्या कर दी। एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उधर, थाना ममदोट के प्रभारी अमरिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक गुरमेल सिंह के जीजा जोगिंदर सिंह ने बताया कि उसके ससुराल परिवार का अपने पड़ोसी महिंद्र सिंह के साथ रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार शाम को महिंदर और गुरमेल के बीच कहासुनी हुई।
महिंदर ने गुरमेल को देख लेने की धमकी दी। उसने बताया कि मंगलवार सुबह महिंदर ने रास्ते के बीच पशु बांधकर गुरमेल का रास्ता रोक दिया। गुरमेल के पिता सेवा सिंह ने महिंदर को समझाने का प्रयास किया तो महिंदर ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ मिलकर सेवा सिंह पर जानलेवा हमला बोल दिया।