लापता क्रिकेटर अभिषेक वैद्य का शव मंगलवार को खन्नौरी के पास से भाखड़ा नहर से बरामद हुआ। 16 साल के इस क्रिकेट खिलाड़ी के परिवार वालों ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो परिवार वालों ने बस स्टैंड के पास जाम लगा दिया। इसके बाद पसियाना थाना पुलिस ने एक दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोप में केस दर्ज कर लिया है। बाकी दोस्तों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।
मामले के जांच अधिकारी पसियाना थाने के एएसआई अमरीक सिंह ने बताया कि परिवार वालों ने बयान दिया है कि 19 अगस्त को उनके बेटे अभिषेक वैद्य (16) निवासी ग्रिड कालोनी पटियाला को उसके स्कूल के चार-पांच दोस्त घर से ले गए थे। वह स्थानीय वीर हकीकत राय स्कूल में 11वीं का छात्र था। देर रात तक जब अभिषेक घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने दोस्तों से पूछा। दोस्तों ने कुछ भी पता होने से इंकार कर दिया।
थानों के चक्कर काटने पर दर्ज हुई रिपोर्ट
national cricket player murder
- फोटो : amar ujala
इसके बाद परिवार वाले अर्बन इस्टेट थाने पहुंचे। वहां से उन्हें पसियाना थाना भेज दिया गया क्योंकि अभिषेक पसियाना के पास ही भाखड़ा पुल पर नहाने गया था। वहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई। दो दिन बीत जाने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। जब शक के आधार पर एक दोस्त से पूछा गया तो पता लगा कि अभिषेक के दोस्तों ने ही उसको नहर में धक्का मार दिया था। तलाश करने पर मंगलवार को अभिषेक का शव खन्नौरी के पास भाखड़ा नहर से मिला।
पुलिस की ओर से कार्रवाई न करने पर गुस्साए पिता रजिंदर कुमार और परिजनों ने बस स्टैंड के बाहर जाम लगा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके लड़के को भाखड़ा में धक्का मारने वाले लड़के रसूखदार परिवारों से हैं इसलिए पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही है। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस उनको धमका रही है कि वह समझौता कर लें। जाम की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्रवाई की जाएगी। इस भरोसे के बाद पुलिस ने नीरज नाम के एक दोस्त को नामजद कर लिया। बाकी दोस्तों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही गई।