फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नारायण साईं केस: पढ़ें, महेंद्र चावला के बारे में सबकुछ

विज्ञापन
विज्ञापन
12वीं पास महेंद्र चावला संत आसाराम बापू के बेटे नारायण साईं के रेप केस में प्रमुख गवाह है। पानीपत जिले के सनौली खुर्द में किशोरीलाल चावला के तीसरे नंबर के लड़के महेंद्र चावला पर बुधवार सुबह उसके गांव में किराए के मकान पर दो बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें महेंद्र चावला दो गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन


मां गोपाली देवी और दोनों भाई तिलक चावला और देवेंद्र भी अस्पताल में पहुंचे। परिवार के तीनों सदस्यों के चेहरों पर चिंता साफ झलक रही थी। शहर के प्रेम अस्पताल में ऑपरेशन के बाद आईसीयू में पहुंचे महेंद्र चावला को देखने के बाद मां गोपाली देवी को कुछ राहत की सांस मिली, लेकिन उसकी आंखों से बहते आंसू नहीं थम सके।
Trending Videos

12वीं करते ही चला गया था शरण में

महेंद्र चावला ने 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की है और वह उसके बाद 1996 में आसाराम बापू की शरण में चला गया था। वह पहले अहमदाबाद व फिर सूरत आश्रम में पहुंचा।

कुछ ही सालों में बापू के दिल में अपार जगह बना ली और बापू ने भी उसको अपना राजदार बना लिया। परिजनों ने बताया कि महेंद्र चावला ने 1999 में प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा मांग लिया था और उस हिस्से के करीब साढ़े चार लाख रुपये भी ले गया था। वह उसके बाद 2006 में वापस आया। तथाकथित संत आसाराम बापू के बाद उसके पुत्र नारायण साईं पर लगे आरोपों से महेंद्र चावला का मन उचट गया और वह नारायण साईं के खिलाफ दर्ज दुराचार के मामले का मुख्य गवाह बन गया।

किसी को नहीं बताता था महेंद्र चावला
महेंद्र चावला नारायण साईं के खिलाफ दर्ज मुकदमे की गवाही को लेकर चुप्पी साधे रहता था और किसी से भी कुछ नहीं बोलता था। परिवार के लोगों ने भी उसको कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और अपने फैसले पर अडिग रहने की बात कही। बताया जा रहा है कि उसको कई बार धमकी भी मिली थी और उसको दूसरे तरीके अपनाकर तोड़ने का भी प्रयास किया था।

हमले से पहले पूरी तरह से की रैकी

महेंद्र चावला पर हमला करने वालों ने उस पर हमला करने से पहले पूरी रैकी की थी और अपनी जान की भी परवाह नहीं की। आईजी रोहतक रेंज ने भी रैकी करने की बात कबूली है।

हमलावर मोटरसाइकिल पर गांव के बीचों बीच महेंद्र चावला के मकान पर पहुंचे। इसके लिए वे मुख्य सड़क से दो तीन मोड़ लेकर आगे तंग गली में पहुंचे और तंग गली में भी मोड़ लेकर घर पर पहुंचे। यहां पर वे किसी की परवाह न करते हुए सीधे मकान की छत पर पहुंच गए। यहां पर महेंद्र चावला को गोली मार दी और उसके भागने के बाद मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों मुख्य सड़क पर चढ़ते समय एक ट्रक की चपेट में आते-आते बचे।

विज्ञापन

पुलिस करेगी स्केच तैयार

महेंद्र चावला पर हमला करने वाले दोनों बदमाशों में से एक का चेहरा ग्रामीणों ने साफ तौर पर देखा है। ग्रामीणों ने भी पूरे मामले को पुलिस के सामने रखा है। पुलिस ने उसी के आधार पर एक आरोपी का स्केच तैयार करने का फैसला लिया है।

आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में भी है पहचान
महेंद्र चावला की आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में भी पहचान है। उसने कई आरटीआई सूचना लगा रखी हैं। पुलिस इस मामले से भी जांच को जोड़कर चल रही है।

पुलिस का मानना है कि किसी व्यक्ति ने सूचना के बाद कार्रवाई होने के डर से ऐसा किया या करवाया हो। पर पुलिस इसमें सबसे गंभीर नजर से नारायण साईं के खिलाफ गवाही के मामले को लेकर चल रही है। गुजरात पुलिस की एक टीम भी पानीपत के लिए रवाना हो चुकी है और कमिश्नर से लेकर संबंधित अधिकारी जिला पुलिस के साथ संपर्क साधे हुए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें