मेरठ रोड पर अधेंडा के पास एक पेट्रोल पंप कर्मी पदम (48) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कर्मी के सीने में दो गोली मारी गई। परिजनों के अनुसार पदम की हत्या लूट के इरादे से की गई लगती है।
हत्यारोपी पदम की बाइक, मोबाइल और उसकी जेब से करीब आठ हजार रुपये भी ले गए हैं। सुबह करीब सात बजे जानकारी होने पर डीएसपी मुख्यालय जोगिंद्र राठी, थाना सदर पुलिस प्रभारी नरेंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
एफएफएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने का काम किया। पुलिस ने फिलहाल इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
गांव अधेंड़ा के समीप उत्तरप्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव पुख्ता गढ़ी निवासी पदम का शव बुधवार सुबह सड़क पर पड़ा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। बताया गया कि पदम पिछले नौ साल से अंधेडा क्षेत्र के ही मोहसीन पेट्रोल पंप पर काम कर रहा था। वह रात को निकट के गांव ढाकवाला में रहने वाले उसके गांव में किसी से मिलने गया था। वह जब लौट रहा था तो रास्ते में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।