पंजाब के मुक्तसर के थांदेवाला रोड पर स्थित बस्ती में शुक्रवार सुबह एक दामाद ने अपनी सास को कुल्हाड़ी से वारकर मार डाला। थाना सदर पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सुखदेव कौर (50) के तौर पर हुई है।
जसवीर कौर ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह करीब दस साल पहले गांव रुखाला निवासी करमजीत सिंह के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय के बाद ही दोनों में झगड़ा रहने लगा। इस वजह से उसने अदालत में तलाक का केस दायर कर दिया। वहीं आरोपी करमजीत सिंह ने उसे घर में बसाने का केस दायर किया। बीते वीरवार को अदालत में इस केस को लेकर सुनवाई भी हुई थी। उस समय करमजीत सिंह ने उसे मारने की धमकी दी थी।
जसवीर ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे करमजीत सिंह एकदम से उनके घर में दाखिल हुआ। उससे हाथापाई होते समय उसने कुल्हाड़ी से उसकी माता सुखदेव कौर पर वार किए। इससे सुखदेव कौर की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद करमजीत सिंह मौके से फरार हो गया। थाना सदर प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि जसवीर कौर के बयान पर करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।