पुलिस जांच में अब तक संदीप की पल्सर बाइक का पता नहीं चला है। वारदात स्थल के पास भी उसकी बाइक नहीं मिली। हालांकि उसके जेब में रखे पर्स, मोबाइल, पैसे, लॉकेट और अन्य सामान बरामद हो गए। पुलिस अब उसकी बाइक की तलाश में जुटी है। अब सवाल यह उठता है कि अगर लूट के इरादे से मर्डर किया गया है तो बदमाश उसका मोबाइल, रुपये और अन्य सामान क्यों नहीं ले गए। सवाल यह भी है कि अगर लूट के इरादे से हत्या नहीं की गई तो हत्या के पीछे का मकसद क्या है। यह भी हो सकता है कि बदमाशों ने संदीप की हत्या कहीं और की हो और बाद में उसे सेक्टर-15सी के पार्क में फेंक गए हों। इन सब सवालों के जवाब के लिए पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
पुलिस को रंजिशन हत्या का शक
वारदात के बाद पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल सकेगा कि संदीप की मौत किस कैसे हुई है। वहीं पुलिस ने शक है कि हो सकता है कि पुरानी रंजिश के चलते किसी ने संदीप की हत्या कर दी हो। फिलहाल पुलिस ने हर एंगल से जांच शुरू कर दी है।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
संदीप की मां ऊषा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। उनके आंसू थम ही नहीं रहे। वह बार-बार यही कह रही थीं कि मेरा बेटा संदीप कब आएगा। वह कहां चला गया है। वहीं, आस-पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था कि कल तक उनके साथ रहने वाला संदीप अब उनके साथ नहीं है। इस दौरान मृतक के भाई बहन और पिता का रो-रो कर बुरा हाल था।
अज्ञात बदमाशों पर हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। एरिया के आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -पवन कुमार, डीएसपी, क्राइम ब्रांच चंडीगढ़