एक फौजी की हत्या कर अज्ञात बदमाशों ने उसके शव को अनाज मंडी में सड़क के किनारे फेंक दिया। घटना हरियाणा के नारनौंद में गांव बास की है। 40 वर्षीय फौजी बलबीर सिंह छुट्टी लेकर रोहतक स्थित अपने घर आया हुआ था।
वह घर से अपने गांव बास में जाने की कहकर निकला था, लेकिन किसी ने उसकी हत्या कर दी। एक राहगीर ने शव पड़ा देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। मौके पर सीन ऑफ क्राइम की टीम भी पहुंची। पुलिस ने मृतक फौजी के बड़े भाई के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि वे 3 साल से महाबीर कॉलोनी रोहतक में रह रहे हैं। पति बलबीर वर्ष 2000 में आर्मी में भर्ती हुए थे। उनकी पोस्टिंग बीकानेर में थी। बलबीर 20 दिनों की छुट्टी लेकर रोहतक आए हुए थे।