पटियाला में भाइयों के साथ मिलकर पीट पीट कर पति की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पत्नी ने अपने दो भाइयों के साथ मिलकर पति को पीट-पीट कर मार डाला। कारण पता चला तो सभी के होश उड़ गए। वारदात पटियाला में समाना के गांव खत्रीवाला में अंजाम दी गई। गाजेवाल पुलिस चौकी ने मृतक के पारिवारिक मेंबरों के बयान पर पत्नी व दोनों सालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी आरोपी फरार हैं, जिनकी पुलिस की ओर से तलाश की जा रही है।
उधर पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे वारिसों के हवाले कर दिया है। समाना के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के लिए आए मृतक सुखदेव कुमार के चचेरे भाई बलकार सिंह व जीजा नेक सिंह ने बताया कि गांव खत्रीवाला के सुखदेव कुमार (38) की शादी करीब 15 साल पहले जोडियां घनौड़ां में हुई थी और इस शादी से उसके दो लड़कियां व एक लड़का है।
सोमवार को वह अपनी पत्नी परमजीत कौर के साथ ससुराल परिवार से मिलकर वापस आया, तो पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तकरार हो गई। गुस्साई परमजीत कौर ने अपने भाइयों बग्गा सिंह व हरबंस सिंह को बुलाकर अपने पति को बुरी तरह से पीटा।
मामले में पुलिस पर भी उठी अंगुलियां
आरोप हैं कि पीटने के बाद अधमरी हालत में पत्नी व उसके दो भाई सुखदेव कुमार को रात करीब 9 बजे गाजेवास पुलिस चौकी ले गए, जहां पुलिस मुलाजिमों ने सुखदेव की हालत गंभीर देखते हुए उसका इलाज कराने के बाद सुबह लेकर आने के लिए कहा।
सुखदेव को मोटरसाइकिल के पीछे रस्सी से बांध घसीटा गया
पटियाला में भाइयों के साथ मिलकर पीट पीट कर पति की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
जब वह लोग सुखदेव को वापस गांव खत्रीवाला ले जाने लगे, तो उन्होंने मोटरसाइकिल के साथ रस्सी की मदद से उसको पीछे बांध लिया और सड़क के साथ घसीटते हुए बेरहमी के साथ गांव खत्रीवाला ले आए। तब तक सुखदेव कुमार की मौत हो चुकी थी।
आरोपी परमजीत कौर व उसके भाई सुखदेव कुमार को घर के ही एक कमरे में बेड पर डालकर बच्चों के साथ फरार हो गए। सुखदेव कुमार के मरने के बारे में उसके भाई कृष्ण कुमार को सुबह पता लगा और उसने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
समाना की थाना सदर पुलिस ने आरोपी पत्नी परमजीत कौर व उसके भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। गाजेवाल पुलिस चौकी के इंचार्ज नरपिंदर पाल सिंह ने आरोपों के बारे में कहा कि परमजीत कौर व उसके भाई पीटने के बाद सुखदेव कुमार को चौकी नहीं लाए थे। यह सब आरोप पुलिस पर गलत लगाए जा रहे हैं।