गांव मलोया में छात्र राहुल की हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार पड़ोस में रहने वाले कुलदीप ने अपने भाई की मौत का बदला लेने के लिए राहुल पर हमला किया था। इसके लिए उसने रेकी भी की थी। हत्या के बाद से ही कुलदीप फरार है।
कुलदीप भी सेक्टर-40 के सरकारी स्कूल में 12वीं का छात्र है। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया है कि कुलदीप चार दिन से राहुल के घर आने और जाने का समय नोट कर रहा था। गत फरवरी में कुलदीप के भाई संदीप ने आत्महत्या कर ली थी।
इससे पहले संदीप और राहुल में बस स्टाप के पास लड़ाई हुई थी। कुलदीप को शक था कि संदीप ने राहुल की वजह से आत्महत्या की। दूसरी ओर राहुल के चाचा जेपी गौतम के अनुसार संदीप की बहन घर से गायब हो गई थी। कुलदीप को शक था कि इसके पीछे राहुल का हाथ है। बहन के गायब होने के बाद ही संदीप ने सुसाइड की थी।
संदीप ने आरोप लगाए कि लहुलूहान हालत में भाई राहुल को अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में करीब नौ बार फोन किए गए। लेकिन पीसीआर मौके पर नहीं पहुंची। वीरवार को राहुल के शव का पोस्टमार्टम कड़े पहरे में हुआ। पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का बोर्ड बनाया गया।