अमृतसर में श्री दरबार साहिब प्लाजा में मिले पांच साल की बच्ची के शव का मामला सुलझा लिया गया है। मृतक बच्ची की मां को राजपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली थाना पुलिस उसे हिरासत में लेने के लिए रवाना हो गई है। जानकारी मुताबिक, कोतवाली थाना पुलिस ने श्री दरबार साहिब के आसपास बने प्लाजा से गुरुवार को पांच साल की एक बच्ची का शव बरामद किया था।
शव देखकर लगता था कि किसी ने बड़ी सफाई से हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए प्लाजा में छोड़ दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक महिला बच्ची को बेहोशी की हालत में गोद में उठाकर चलते दिखी। महिला के साथ उसका सात साल का बेटा भी था। पुलिस ने बस अड्डा और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला कि महिला हरियाणा के यमुनानगर की है और वह अपने बेटे के साथ यमुनानगर की तरफ गई है।
इसके बाद पुलिस ने राजपुरा पुलिस और यमुनानगर पुलिस से संपर्क किया। यमुनानगर पुलिस से जानकारी मिली कि महिला का नाम मनिंदर कौर और उसके पति का नाम कुलविंदर सिंह है। इस महिला के पति ने नौ अगस्त को मनिंदर कौर की गुमशुदगी की रिपोर्ट गांधीनगर में दर्ज करवाई थी। पति का आरोप है कि मनिंदर कौर ने उक्त हत्या को प्रेम प्रसंग के चलते अंजाम दिया है।