हरियाणा के साथ लगते हिमाचल के सिरमौर जिले के सराहां एरिया से लगभग 25 किलोमीटर दूर हरियाणा बॉर्डर की तरफ पड़ने वाले सरयों गांव में वीरवार को दोपहर एक विवाहिता को जंगल से किडनैप कर लिया।
बाइक पर युवती का मुंह बंधा देख मोरनी के बडीशैर गांव के पास जब ग्रामीणों ने तीन बदमाशों को रोकना चाहा तो उन्होंने बाइक छोड़ युवती समेत गहरी खाई में छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया। ग्रामीण युवकों ने खाई में उतरकर लड़की को बाहर निकाला और पुलिस बुला ली। पुलिस आने पर सैकड़ों ग्रामीण गहरी खाई में चैन बनाकर उतरे और किडनैपरों को तलाशा किया। खबर लिखे जाने तक एक ही किडनैपर उनके हत्थे चढ़ा। बाकी दो जंगल की आड़ में भागने में कामयाब रहे।
पकडे़ गए किडनैपर मोहम्मद शरीफ ने बताया कि वह और उसके दो दोस्त रज्जाक और रमजान पंजाब के मोरिंडा से हिमाचल के सरयों गांव में इस युवती शैल्लो को लेने आए थे। युवती गुज्जर मुसलमान बिरादरी से संबंधित है। वह इसे पंजाब के मोरिंडा ले जा रहे थे। किडनैपर ने बताया कि उनका पंजाब में क्रिमिनल केस चल रहा है। शैल्लो के घर वालों ने हत्या के प्रयास का आरोप लगाया हुआ है, इसी का बदला लेने के लिए वह इसे किडनैप करने आए थे।
युवती का मुंह बंधा देख ग्रामीणों को हुआ शक
युवती का मुंह बंधा देख ग्रामीणों को हुआ शक
सरयों गांव में अपने चाचा मोहम्मद अली के पास रहने आई पीड़िता शैल्लो देवी ने बताया कि वह अपनी दो साल की बेटी के साथ जंगल में लकड़ियां लेने गई थी। उसने बेटी को जंगल में साइड में खड़ा कर दिया और लकड़ियां काट रही थी। इतने में तीन युवकों ने उसे घेर लिया और मुंह बांधकर बाइक पर बिठाकर ले जाने लगे। जंगल का इलाका होने के कारण उसकी चीख पुकार किसी ने नहीं सुनी और किडनैपर जबरदस्ती बाइक पर ले आए।
युवती का मुंह बंधा देख ग्रामीणों को हुआ शक
इस दौरान मोरनी में वीरेंद्र महमल, रूप सिंह, धर्म सिंह ने देखा कि पीबी नंबर की बाइक पर तीन बदमाश एक युवती का मुंह बांधकर ले जा रहे हैं। उन्होंने बदमाशों को रुकने का इशारा किया। लेकिन रुकने के बजाय उन्होंने बाइक छोड़ युवती को जबरन पकड़कर खाई में छलांग लगा दी।
इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी और युवती को छुड़ाने का प्रयास शुरू किया। वहीं पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी बच्ची जंगल में है, उसे शक है कि इनका कोई अन्य साथी उसकी बच्ची को न ले गया हो। इसलिए मोरनी पुलिस पीड़िता को लेकर हिमाचल के सिरमौर जिले के सराहां में स्थित सरयों गांव की ओर रवाना हो गई। देर रात समाचार लिखे जाने तक पुलिस कर्मियों का नंबर रेंज में नहीं था। इस कारण कोई बात नहीं हो सकी।