मनीमाजरा स्थित इंदिरा कॉलोनी में रहने वाली महिला ने पंचकूला के सेक्टर 14 थाना के सब इंस्पेक्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है।
महिला ने आरोप लगाया कि पंचकूला पुलिस का सब इंस्पेक्टर लक्ष्मीचंद बिना मनीमाजरा पुलिस को इत्तला दिए उसके घर में जबरन घुस आए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
महिला का आरोप है कि किसी केस में देवर को फंसाने के लिए सब इंस्पेक्टर उनके देवर को घर से उठाने के लिए आया था। मनीमाजरा पुलिस को मंगलवार देर शाम दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि जब उसका देवर घर पर नहीं मिला तो सब इंस्पेक्टर लक्ष्मीचंद ने अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि वो मुझे और मेरी सास को उठाकर थाने ले जाएगा। आरोप के मुताबिक घ्ार पर छापामारी के समय पंचकूला पुलिस के साथ कोई महिला पुलिसकर्मी भी नहीं थी।
मनीमाजरा थाना प्रभारी चरणजीत सिंह ने बताया कि पंचकूला पुलिस ने शनिवार को इंदिरा कॉलोनी के सोनू नाम के युवक को अफीम के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में महिला के देवर का नाम आया था।
इसी कारण पुलिस ने छापामारी की। थाना प्रभारी के मुताबिक मनीमाजरा पुलिस में इसकी डीडीआर दर्ज है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभ्रदता के मामले में बुधवार को संबंधित पुलिस आधिकारी और महिला को थाने बुलाया गया है। जांच के दौरान जो भी मामला सामने आएगा कार्रवाई की जाएगी।