भाजपा नेत्री ने अपने पड़ोसी पर धमकी देने और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। नेत्री का कहना है कि उन्हें तंग करने वाला पड़ोसी कांग्रेस कार्यकर्ता है। खुद को भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता बताने वाली डॉ. पूनम बूरा का आरोप है कि उन्होंने पार्टी नेताओं को भी व्हाट्स एप पर सूचना दे दी थी, लेकिन किसी ने उनसे पूछा तक नहीं।
महिला ने देरी से कार्रवाई करने पर एसपी के निलंबन की मांग की है। वहीं, एसपी का कहना है कि महिला के बयान पर रात को ही मामला दर्ज कर लिया गया था। आरोपी पक्ष ने भी नेत्री के खिलाफ थाना पुलिस को शिकायत दी है।
भाजपा नेत्री डा. बूरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनका घर कमल कॉलोनी में है। उनके मकान के साथ ही कांग्रेसी सुमित तोमर का भी मकान है। आरोप है कि सुमित तोमर शनिवार रात 9 बजे उनके घर घुस आया और भला बुरा कहने लगा। विरोध किया तो सुमित ने उसके साथ अश्लील हरकत की। उसे व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। सवा 9 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी और एसपी के मोबाइल पर फोन लगाया।
बूरा ने आरोप लगाया है पीसीआर आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। वहीं, महिला पीसीआर तो रात को 11 बजकर 25 मिनट पर पहुंची। पुलिस की लेटलतीफी का फायदा उठा आरोपी फरार हो गया।