मोहाली के एक नामी बिजनेसमैन की किडनैपिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने उसकी मर्सडीज कार बरामद कर ली है। कार के ड्राइवर साइड का शीशा टूटा हुआ था। वहीं, कार में खून भी गिरा हुआ था। पुलिस ने खून के सैंपल लिए हैं।
बिजनेसमैन की पहचान करण अरोड़ा निवासी संतेमाजरा के रूप में हुई है। बिजनेसमैन के साले अमित कुमार की शिकायत पर बलौंगी थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा-364 व 427 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस करण की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में घरवालों ने बताया कि वह बुधवार रात किसी पार्टी में जाने के लिए घर से निकले थे। लेकिन, इसके बाद वह घर नहीं लौटे। वहीं, उनके तीनों मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। देर रात जब वह घर नहीं लौटे तो पत्नी ने पंचकूला में रहने वाले अपने भाई अमित को फोन किया।
अमित सुबह जब पंचकूला से अपनी बहन के घर संतेमाजरा जा रहे थे तो उन्होंने घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर करण की कार खड़ी देखी। जब उन्होंने कार के पास जाकर देखा तो कार का एक साइड का शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने तुरंत अपनी बहन और पुलिस को सूचित किया। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कार को अपने कब्जे में ले लिया। कार में खून गिरा हुआ था। पुलिस ने उसके सैंपल ले एि हैं।
हत्या का संदेह जताया
करण के तीनों फोन बंद आ रहे हैं। वहीं, किसी ने अभी तक परिवार को पैसे या अन्य चीज को फोन तक भी नहीं किया है। ऐसे में परिवार को उसकी जान का खतरा डरा रहा है। मामले की जांच एसपी डी गुरशरन सिंह की टीम कर रही है।
पंजाब और चंडीगढ़ के अफसरों से अच्छे संबंध
करण शहर के नामी लोगों में से एक हैं। उसकी फेज-1 में इमीग्रेशन कंपनी है। इसके अलावा उसका पंजाब में भी कारोबार है। वहीं, उसके पंजाब आौर चंडीगढ़ के प्रशासनिक अधिकारियों से भी अच्छे संबंध हैं।