हरियाणा के सोनीपत जिले के एक गांव में कमरे के बाहर खेल रही बच्ची बुधवार रात में लापता हो गई। बच्ची से दरिंदगी करने के बाद उसे गांव के बाहर खेत में फेंक दिया गया। परिजन जब उसे तलाश कर रहे थे तो वह सुबह बेसुध हालत में मिली। बच्ची की हालत बिगड़ी हुई थी और वह लहूलुहान हालत में थी।
परिजनों ने पुलिस को अवगत कराने के साथ ही बच्ची को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने बच्ची के परिजनों के बयान पर 6 पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उत्तर प्रदेश के रहने वाली बच्ची के परिजनों ने बताया कि वह डेढ़ साल से मुरथल थाना क्षेत्र के गांव में किराये पर रहते हैं। उनकी छह साल की बेटी बुधवार रात करीब आठ बजे कमरे के बाहर खेल रही थी। इसके बाद वह लापता हो गई।
परिजन रातभर बच्ची को खोजते रहे। सुबह परिजनों को बच्ची गांव के बाहर खेत में बेसुध मिली। बच्ची की हालत काफी बिगड़ी थी। उसके शरीर के अंगों से खून निकल रहा था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बच्ची को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। होश में आने के बाद बच्ची बुरी तरह सहमी थी। उसे गंभीर हालत में खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस टीम ने मामले का पता लगने के बाद से क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर पता लगा रही कि बच्ची के साथ किसको देखा गया था।
घटना से लोगों में रोष
मासूम बच्ची से दरिंदगी का पता लगने के बाद से आसपास रहने वाले लोगों में रोष है। सभी बच्ची से गलत काम करने वाले की भर्त्सना कर रहे हैं। उन्होंने जल्द ही उसका पता लगाकर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
बच्ची से दुष्कर्म की शिकायत मिली है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है। - जसपाल सिंह, थाना प्रभारी, मुरथल ।