हरियाणा के बावल स्थित एक कंपनी में ड्यूटी खत्म कर वापस घर लौट रहे एक कंपनी के कर्मचारी को बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने रात के अंधेरे में बाजरे के खेत में ले जाकर उसे बुरी तरह पीटा और फिर उसकी कार को आग लगा दी। बावल थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्जकर लिया है।
बावल के गांव नांगल शहबाजपुर निवासी रमेश कुमार एक कंपनी में नौकरी करता है। सोमवार की रात वह ड्यूटी करके रात 12 बजे अपनी गाड़ी लेकर साथी विक्रम सिंह के साथ घर के लिए निकला था। विक्रम को उसने बावल के ओम शांति केंद्र के पास उतार दिया।
इसके बाद वह अपने गांव की तरफ जा रहा था कि बावल के खाटूश्याम मंदिर के पास पीछे से एक बाइक में तीन लड़के आए और गाड़ी रोकने का इशारा किया लेकिन उसने गाड़ी नहीं रोकी। करीब दो किलोमीटर आगे चलकर नांगल शहबाजपुर टी-प्वॉइंट से पहले बाइक सवार तीनों लड़कों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया।
गाड़ी रुकते ही एक बदमाश ने चाबी छीन ली। दो अन्य उसे जबरदस्ती गाड़ी से नीचे उतारकर घसीटते बाजरे के खेत में ले गए। बदमाशों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। एक बदमाश ने 46 हजार रुपये लूटे। यह पैसे उसने गाड़ी की बॉडी बनवाने के खातिर रखा था।
इसके बाद बदमाशों ने उसकी गाड़ी को आग लगा दी। रमेश रातभर बेहोशी की हालत में बाजरे के खेत में पड़ा रहा। मंगलवार की सुबह किसी ने उसे देखा और संभाला फिर उसने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उसे पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना बावल थाना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।