बठिंडा जिले के गांव जस्सी पौ वाली की एक 16 वर्षीय नाबालिग के साथ पहले रेप और फिर उसे साढे़ तीन लाख में सौदा करके बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने प्रसिद्ध गायक सीरा गिल, उसकी पत्नी राज संधू और एक अन्य साथी लवजोत सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अंतर्गत थाना कोटफत्ता में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पीड़िता को बरामद कर लिया गया।
एसपीडी राजपाल सिंह हुंदल ने वीरवार को एक प्रेसवार्ता में बताया कि पीड़िता के अभिभावकों ने 13 अक्तूबर 2016 को थाना कोटफत्ता में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी 16 वर्षीय बेटी को कपूरथला की सर्वजीत कौर और फरीदकोट की जसविंदर कौर ने बहला फुसलाकर अपने पास रखा है। लड़की को बरामद करवाने के लिए पुलिस ने एक टीम का गठन कर मामला सीआईए स्टाफ को दे दिया।
इस जांच के बाद पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले जो रोंगटे खड़े करने वाले थे। पुलिस के अनुसार मां-बेटे समेत दो महिलाओं ने पीड़िता को प्रसिद्ध गायक सीरा गिल और उसकी पत्नी राज संधू के हवाले कर दिया। सीरा गिल ने पहले नाबालिग से रेप किया और उसके बाद अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उसे राजस्थान के सुशील कुमार पुत्र हवा सिंह वासी झुनझनू के पास से साढे़ तीन लाख रुपये में बेच दिया।