पुलिस क्वार्टर में रहने वाली महिला कांस्टेबल कमलजीत कौर ने सोमवार की रात को संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगल लिया। डीएमसी अस्पताल में मंगलवार की सुबह उनकी मौत हो गई। थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पोस्टमार्टम करा शव सौंप दिया है। एसएचओ इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि कमलजीत कौर के दो बच्चे हैं।
पिछले कुछ समय से उसका अपने पति के साथ विवाद चल रहा था। इस पर वह पति से अलग पुलिस क्वार्टर में रह रही थी। पिछले कुछ दिनों से वह दिमागी रूप से परेशान थी और इलाज भी चल रहा था। सोमवार की रात को वह घर पर ही थी और कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। डीएमसी अस्पताल में मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- पिता ने थमाई थी हॉकी, जुनून ने बनाया दुनिया का सितारा, पढ़ें- दिग्गज खिलाड़ी बलबीर सिंह की अनसुनी बातें
पटियाला: प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर जान दी
घन्नौर की अनाज मंडी में मंगलवार को एक प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर जान दे दी। 19 साल का यह लड़का लॉकडाउन के कारण परेशान था। थाना घन्नौर के इंचार्ज एसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पिता राज बली ने पुलिस को बयान दिया है कि उसका बेटा गोबिंद प्रसाद घन्नौर में निहाल चंद शिव कुमार आढ़ती की दुकान पर लोडिंग व अनलोडिंग का काम करता था। वह वहीं बने एक कमरे में रहता था।
राजपुरा में काम कर रहे पिता राज बली को मंगलवार को घन्नौर से फोन आया कि उनके लड़के ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जब वह अपने भतीजे को साथ लेकर वहां पहुंचा तो देखा कि गले में तार डालकर लड़के ने फंदा लगा रखा था। पिता के बयान के मुताबिक गोबिंद प्रसाद कई दिनों से मानसिक तौर पर परेशान रहता था। लॉकडाउन के बाद से ही वह परेशान था। इस कारण उसने यह कदम उठाया है।