चंडीगढ़ में कई सालों से साथ पढाई कर रहे एक सिरफिरे आशिक ने अपनी ही सहपाठी के फ्रेंडशिप से मना करने पर की ये शर्मनाक करतूत। सेक्टर 45 में एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में मेडिकल छात्रा को सरेआम सड़क पर लात घूंसों से पिटाई की और फरार हो गया। घायल युवती का जीएमसीएच 32 में इलाज चल रहा है। पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक युवती जीएमसीएच 32 अस्पताल में फूड एंड न्यूट्रिशियन कोर्स में इंटर्नशिप कर रही है और और सेक्टर 45 में रहती है। युवती के परिवार वालों ने बताया की मोहाली निवासी अमृत कई सालों से लड़की के साथ पढाई कर रहा था। वह अब उसको दोस्ती करने के लिए मजबूर कर रहा था। परिजनों के मुताबिक अमृत युवती पर दबाव बना रहा था कि वो उसके साथ दोस्ती कर ले, लेकिन लड़की उसके प्रेम प्रस्ताव को बार बार ठुकरा देती थी।
इसी बात से नाराज होकर युवक ने वीरवार को पहले तो सेक्टर 10 में मेडिकल छात्रा के साथ मारपीट की। युवती वहां से भागकर किसी तरह सेक्टर 45 घर के पास पहुंची तो यवक ने उसका रास्ता रोका और सड़क पर ही लात घूसों से पिटाई कर डाली। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा होने लगे तो वह मौके से फरार हो गया। जब इस बात का पता परिजनों को चला तो उन्होंने तुरंत युवक के खिलाफ मारपीट की शिकायत पुलिस को दी । पुलिस ने उनके बयान पर अमृत के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है । युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक उन्हें फोन पर शिकायत वापस लेने की धमकियां भी दे रहा है।