मुल्लापुर इलाके में वीरवार को उस समय सब लोग हैरान हो गए जब एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिल अपनी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी की शादी करने की तैयारी कर ली।
जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तो पुलिस ने मौके पर पहुंच शादी को रुकवा दिया। इस मामले की शिकायत पुलिस के पास किसी और ने नहीं बल्कि नाबालिग ने खुद ही पहले कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले में नाबालिग के माता पिता व आधादर्जन के करीब लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित नाबालिग की तरफ से थाना दाखा में दी गई शिकायत के मुताबिक उसकी उम्र करीब 15 वर्ष है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती है और करीब डेढ़ महीने पहले उसके परिजन उसकी शादी की तैयारी कर रहे थे तो उसने इसके बारे में अपने टीचर को बताया।
स्कूल टीचर ने उसके परिजनों को शादी करने से मना किया। पीड़ित के अनुसार आज उसके पिता स्वर्ण सिंह, मां राज कौर, ताया सतनाम सिंह, ताई हरप्रीत कौर, दोनों बुआ, फूफा उसकी शादी के लिए एक धार्मिक स्थान पर पहुंच गए और उससे दो गुनी उम्र के युवक से उसकी शादी करने की तैयारी करने लगे।
जब इस बात का पता स्त्री सभा की प्रधान राज कौर व अन्य को पता चला तो वह कुछ लोगों को साथ ले शादी वाली जगह पहुंच गए।
नाबालिग की तरफ से शिकायत मिलने पर पुलिस ने सभी के खिलाफ बाल विवाह एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी देते हुए एएसआई हरि मित्र ने कहा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।