थाना तलवंडी चौधरियां की पुलिस ने पाठी सिंहों को बंदी बनाकर पीटने वालों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 29 मार्च की है। सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को कार्रवाई की गई।
आरोपियों में से कर्मजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पाठी सिंह महिंदर सिंह निवासी दूलोवाल, गुरनाम सिंह, गुरमेल सिंह ने बताया कि 27 मार्च को वे गांव सिद्धपुर तहसील शाहकोट जिला जालंधर में श्री अखंड पाठ साहिब करने गए थे। वहां से वे 29 मार्च को लौट रहे थे।
सुखजीत सिंह निवासी गांव खोसा थाना लोहियां, तरलोचन सिंह, गुरभेज सिंह, कर्मजीत सिंह समेत 10-11 अज्ञात लोग उनका पीछा करने लगे। इन लोगों ने गांव मंगूपुर के गुरुद्वारा साहिब के पास गुरनाम सिंह को पकड़ लिया और उसे पीटा।
वे उसे बांधकर गांव पम्मण में बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में ले गए, जहां बेसबॉल से उनकी पिटाई की। उनकी पगडि़यां उतार दी। इसके बाद आरोपियों ने पिटाई का वीडियो फेसबुक और यू-ट्यूब पर वायरल कर दिया।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने की निंदा
एसजीपीसी के अध्यक्ष अवतार सिंह मक्कड़ ने पाठी सिंहों से मारपीट करने और इसकी वीडियो बनाकर सोशल साइट पर डालने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि सिखों को सिखी से तोड़ने के प्रयास करने वाली सत्कार कमेटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।