लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाला बाबा राजेश उर्फ कैंडी बंद अंधेरे कमरे में मोमबत्तियां जलाकर पैसों की बरसात करने का झांसा देता था। ऐसा ही एक खेल इस बाबा ने कृष्ण कुमार निवासी अमरगढ़ गावड़ी के साथ खेला है। बाबा ने कृष्ण कुमार का हाथ देखकर उसकी समस्या दूर करने का दम भरा।
पहले 10 रुपये के 140 रुपये बनाए और फिर 50 लाख रुपये मंगवाकर नोटों की बरसात करने का झांसा दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार बाबा ने उसे अंधेरे कमरे में बुलाकर मोमबत्तियां जलाकर नोटों की बरसात की और नोट एकत्रित करने को कहा, जो कि बाद में मात्र 9 लाख 17 हजार निकले।
बाद में बाबा ने कृष्ण से ही 40 लाख रुपये मंगवाए और करोड़ों की बरसात करने का झांसा दिया लेकिन इसके बाद न कोई बरसात और न कोई बाबा नजर आया।
बाबा के कमरे को छोड़ पूरा डेरा था सीसीटीवी की कैद में
गांव शरीफगढ़ स्थित बाबा वड़भाग सिंह का पूरा डेरा सीसीटीवी कैमरों की कैद में था लेकिन ढोंगी बाबा के कमरे में सीसीटीवी कैमरे नहीं थे, जिससे स्पष्ट है कि बाबा अपने कमरे में धोखाधड़ी का बड़ा काम करता था और वहीं से सभी आने वालों पर नजर रखता था और फिर आने वाले श्रद्धालु के वेष से अनुमान लगाकर लूटने की साजिश रचता था।
बाबा ने रखे हुए थे निजी सुरक्षाकर्मी
ढोंगी बाबा के पास लूट की आमदनी इतनी बढ़ गई थी कि उसने अपने प्राइवेट गार्ड रख लिए थे। एक व्यक्ति ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सुरक्षा कर्मी बाउंसरों जैसे थे और जो हर समय बाबा के आस-पास दिखाई देते थे।