पटियालाः चोरी के झूठे आरोप से परेशान नौजवान ने जहर पीकर दी जान
पटियाला के थाना पातड़ां के अधीन महेश नगर जाखल रोड निवासी 17 साल के युवक ने चोरी के झूठे आरोप से परेशान होकर जहरीली चीज पीकर जान दे दी। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। रामचंद्र निवासी महेश नगर जाखल रोड पातड़ां ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि साल 2018 में आरोपी जसवंत सिंह निवासी अग्रवाल कॉलोनी पातड़ां की दुकान में चोरी हो गई थी।
आरोपी दुकानदार ने रामचंद्र के लड़के कुलदीप सिंह (17) पर चोरी संबंधी शक जाहिर किया। कुलदीप सिंह ने महेश नगर में अपने पड़ोसी के घर से टुल्लू पंप चोरी कर लिया था। रविवार को आरोपी दुकानदार कुछ लोगों के साथ रामचंद्र के घर आया और कहा कि साल 2018 में उसकी दुकान पर हुई चोरी में उसका लड़का कुलदीप सिंह शामिल है। उस समय लड़का बाहर रिश्तेदारी में गया हुआ था।
फोन पर पूछने पर उसने चोरी करने से इनकार किया। साथ ही कहा कि अगर इस बारे में उसे दोबारा पूछा, तो वह सुसाइड कर लेगा। इसी बीच बाद दोपहर राम चंद्र को पता लगा कि उसका लड़का कुलदीप सिंह खाटू श्याम मंदिर के पास बने खाली प्लॉट में कोई जहरीली दवा पीने के कारण तड़प रहा है। तुरंत उसे पातड़ां के अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी दुकानदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
लुधियानाः शराब के नशे में व्यक्ति ने की आत्महत्या
लुधियाना में शराब के नशे में धुत शहीद भगत सिंह नगर निवासी संतोष ने पत्नी से बहस करने के बाद घर से चला गया। घर से जाकर वह गांव फुल्लावाल चौक के पास पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। घटना का पता जब सुबह लोगों को लगा तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। जांच के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव वारिसों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, संतोष मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हरदोई स्थित गांव नगवा का रहने वाला था। यहां पर वह अपनी पत्नी पिंकी के साथ रहता था। पिंकी द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसका पति शराब पीने का आदी था। रविवार की रात को भी वह शराब पीने के बाद घर आया।
घर आकर फिर से वह शराब पीने लगा तो उसने अपने पति को रोकना चाहा। वह झगड़ा कर घर से चला गया। उसने घर से बाहर जाकर पेड़ से लटक कर अपनी जान दे दी। पिंकी के अनुसार वह सारी रात अपने पति का इंतजार करती रही, लेकिन उसे क्या पता था कि उसके पति ने इतना बड़ा कदम उठा लिया है।
पटियालाः पीयू हास्टल में बीटेक स्टूडेंट ने फंदा लगाकर जान दी
पंजाबी यूनिवर्सिटी के बंदा सिंह बहादुर ब्वायज हॉस्टल में सोमवार को बीटेक के एक स्टूडेंट ने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक छात्र हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर का रहने वाला था। खबर लिखे जाने तक पुलिस उसके परिजनों के पटियाला पहुंचने का इंतजार कर रही थी। पुलिस के मुताबिक परिजनों के बयान पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यहां पढ़ें पूरी खबर विस्तार से...