घरेलू कलह के बाद पति ने खौफनाक कदम उठा लिया, वहीं इसके चलते पत्नी की जिंदगी पूरी तरह से तबाह हो गई। घटना पंजाब के फिरोजपुर की है। झगड़े के बाद पति ने नहर में छलांग लगा दी। अब पुलिस नहर में उसकी तलाश कर रही है। मामले में पुलिस की ओर से पत्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना गांव मलसिया कलां थाना जीरा की है। दोनों की लव मैरिज 2015 में हुई थी।
मुख्तियार सिंह निवासी गांव मलसियां कलां ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसका बेटा गुरसेवक सिंह और अमनदीप कौर निवासी बधनी कलां जिला मोगा आपस में प्यार करते थे। गुरसेवक ने अपनी मर्जी से अमनदीप कौर के साथ 2015 में शादी की थी। कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन बढ़ने लगी। कई बार इन्हें समझाया भी, लेकिन इनमें कोई सुधार नहीं आया। आठ मई की सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ।
इसीलिए गुरसेवक ने गांव भड़ाना के पास वाली नहर में छलांग लगा दी। नहर के पास ही पुलिस की पोस्ट है, पुलिस मुलाजिमों ने देखा कि एक युवक ने पुल पर कार खड़ी कर नहर में छलांग लगाई है। पुलिसकर्मी रस्सी लेकर नहर में उतरते, तब तक गुरसेवक पानी के तेज बहाव में बहुत दूर निकल चुका था। पुलिस का कहना है कि गुरसेवक सिंह की लाश नहर से अभी नहीं मिली है। तलाश जारी है। फिलहाल गुरसेवक सिंह के पिता मुख्तियार सिंह के बयान पर अमनदीप कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।