खन्ना सदर पुलिस ने गुरुवार की सुबह जीवन सिंह और दिनेश कुमार निवासी मध्य प्रदेश को छह किलो अफीम सहित काबू किया है। मिली जानकारी अनुसार दोनों आरोपी खन्ना के नजदीकी गांव दहेडू के पास बनी सर्विस लाइन पर पैदल जा रहे थे। उनके हाथ में एक थैला था। वहीं पर सदर पुलिस के एसएचओ बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त कर रहे थे।
दोनों व्यक्ति पुलिस देखकर घबरा गए। पुलिस ने शक के आधार पर जब उन्हें रोककर थैले की तलाशी ली तो उसमें से छह किलो अफीम बरामद हुई। इस बात का खुलासा खन्ना के एसएसपी गुरशरण सिंह ने प्रेस वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।