रोहतक में एक युगल को प्रेम विवाह करना भारी पड़ गया। लड़की पक्ष की तरफ से दोनों पर शादी के बाद 13 दिन में तीन जानलेवा हमले किए गए। दो दिन पहले तो लड़की पक्ष के लोगों ने राजीव नगर में प्रेमी के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। आरोपियों ने प्रेमी के दोस्त का तलवार से कान तक काट डाला।
साथ ही घर में दो बाइकें तोड़कर डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। इस संबंध में शहर थाने में शमीम उर्फ सुनीता, करतारपुरा निवासी मकसूद, राजीव कॉलोनी निवासी कौशल्या, नवीन, दिनेश और दीपक सहित तीन चार अन्य के खिलाफ लूटपाट और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
राजीव कॉलोनी निवासी तारीफ ने बताया कि उसके बेटे अरमान खान उर्फ दीपक ने 17 मार्च को करतारपुरा इंदिरा कालोनी निवासी मकसूद अली की बेटी शायरा बानो के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस मामले में उसके बेटे ने मकसूद से भी शादी की बात कही थी, लेकिन उसने शादी करने से इनकार कर दिया।
इसके बाद अरमान और शायरा बानो ने कोर्ट में शादी कर ली। आरोप है कि 30 मार्च को अरमान खान और पुत्रवधू शायरा बानो और उनका एक दोस्त सुनील उनके घर पर बैठे थे। इस दौरान मकसूद अली, कौशल्या, नवीन और दीपक आए और हमला बोल दिया।
शायरा बानो और अरमान को बचाने के लिए सुनील बीच में आया तो आरोपियों ने सुनील पर तलवार से हमला कर दिया। इसके बाद सुनील का एक कान कट गया। शायरा बानो और अरमान भी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया। जांच अधिकारी कुलदीप का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
प्रेम विवाह बना जान का दुश्मन
राजीव कॉलोनी निवासी तारीफ का कहना है कि उसके लिए प्रेम विवाह जान का दुश्मन बन गया है। आरोपी पक्ष के लोग हमेशा हमला करने की फिराक में रहते हैं। इसी डर से तारीफ ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।