आस्ट्रेलिया में पढ़ाई के दौरान फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। एक साल बाद विदेश से वापस आने के बाद दिल्ली कस्टम विभाग में कार्यरत युवक से युवती ने कोर्ट मैरिज की।
दो माह पहले युवती ने दिल्ली के एक अस्पताल में बेटे को जन्म दिया तो उसका पति लापता हो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं लगा तो युवती अपने मायके पहुंची।
पुलिस जांच और पंचायत में खुलासा हुआ कि युवक पहले से शादीशुदा है, उसके दो बच्चे भी हैं। युवती ने अपने साथ हुए इस धोखे का पता चलने पर नशीला पदार्थ निगल लिया। अब फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
फतेहाबाद के गांव की रहने वाली है युवती
फेसबुक में प्यार, शादी और धोखा मिलने की यह कहानी फतेहाबाद के एक गांव की एक युवती की है। युवती आस्ट्रेलिया में पढ़ाई करने गई थे। इस दौरान फेसबुक पर उसकी दोस्ती सोनीपत निवासी एक युवक के साथ हुई।
युवक दिल्ली में कस्टम विभाग में कार्यरत है। आस्ट्रेलिया से वापसी के बाद युवती और युवक ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे। दो माह पहले जब युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया तो युवक उसको छोड़कर फरार हो गया।
युवती ने उसकी काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। निराश युवती अपने बच्चे के साथ फतेहाबाद स्थित अपने मायके पहुंची। आपबीती सुनने के बाद परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
युवती ने की सुसाइड की कोशिश
पुलिस जांच में पता चला कि युवक पहले से ही शादीशुदा है, उसके दो बच्चे भी हैं। जानकारी के अनुसार इस मामले में बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों की पंचायत बुलाई गई थी।
पंचायत में कोई समाधान न निकला देख युवती ने नशीला पदार्थ खा लिया। वर्तमान में युवती को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बृहस्पतिवार देर शाम तक उसको होश नहीं आया था।
उधर पुलिस का कहना है कि उसके पास इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। युवती के परिजनों ने युवक पर उनकी बेटी को धोखा देने का आरोप लगाया है।