कार सवार बेखौफ लुटेरों ने शुक्रवार को दिन-दहाड़े फेज-2 में स्थित एक फैक्टरी के अंदर फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। ऑल्टो सवार दो बदमाशों ने अकाउंटेंट राकेश पर दो गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली उसकी बाजू पर लगी। गोली लगने के बाद बदमाश बैग छीनकर फरार होने में कामयाब रहे।
अपराधियों को रोकने के लिए फैक्टरी के एक कर्मी ने पीछा भी किया, लेकिन कार की रफ्तार तेज होने पर उसने हेलमेट फेंककर मारा, जिससे कार के पिछले हिस्से का शीशा टूट गया। पुलिस ने सेक्टर-20 थाने में लूट का मामला दर्ज कर लिया है। फैक्टरी की दूरी पंजाब सीमा से करीब 300 मीटर से भी कम है। वहीं चंडीगढ़ बॉर्डर से इसकी दूरी करीब एक किलोमीटर है।
जीरकपुर निवासी राकेश कंपनी में अकाउंटेंट हैं। दोपहर बाद करीब 1.20 बजे सेक्टर-सात स्थित एचडीएफसी बैंक से दो लाख रुपये निकालने के बाद वह फैक्टरी के अंदर पहुंचे। गेट से महज चार कदम बढ़ते ही उन्होंने बाइक पार्क की। तभी ऑल्टो सवार दो बदमाशों ने फैक्टरी के बाहर कार खड़ी की और उससे निकलकर फैक्टरी में दाखिल हो गए। दोनों अकाउंटेंट से बैग छीनने लगे। राकेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने एक के बाद एक दो गोलियां चलाईं। एक गोली राकेश की बाजू पर लगी, जबकि दूसरी मिस हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही फैक्टरी कर्मी बाहर की तरफ भागे, लेकिन तब तक अपराधी कार में सवार हो चुके थे। इस दौरान एक फैक्टरी कर्मचारी ने कार का पीछा किया, लेकिन रफ्तार तेज होने के कारण उसने हेल्मेट कार की तरफ दे मारा। जिससे कार का पिछला शीशा टूट गया, लेकिन आरोपी फरार हो गए। कार का टूटा हुआ शीशा सीसीटीवी फुटेज में भी दिख रहा है।