मलोया निवासी सुरेश कुमार पर तीन युवकों ने हमला कर उसका पर्स लूट ले गए। पर्स में पांच हजार रुपये और अन्य दस्तावेज थे। हमले में सुरेश को चोट आईं हैं। मलोया थाना पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ लूटपाट की धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार पेशे से ड्राइवर सुरेश मंगलवार देर रात काम से घर आ रहे थे। इस दौरान उनका दोस्त उन्हें बाहर मेन रोड पर छोड़ कर चला गया। वहां से सुरेश पैदल ही घर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक्टिवा पर सवार तीन युवक आए और उन्हें घेर लिया। सुरेश कुछ समझ पाते, तीनों युवकों ने उनसे मारपीट करने लगे।
आरोपियों में से एक युवक ने पंच से उन पर वार कर दिए। इससे सुरेश को कई जगह चोट आई। सुरेश बदहवास हालत में सड़क पर गिर गए तो आरोपियों ने उनकी जेब से पर्स लूट लिया और फरार हो गए। इसी बीच सुरेश ने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए।
लोगों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर वहां पीसीआर और मलोया थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने सुरेश को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया। वहां उपचार के बाद उनकी शिकायत पर तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।